फोर्ड ने भारत में अपने सभी प्रोजेक्ट रोके

अमेरिका की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी फोर्ड मोटर भारत के लिए नई रणनीति बना रही है। इस कारण कंपनी ने महिंद्रा एंड महिंद्रा के साथ सभी प्रोजेक्ट पर रोक लगा दी है। इस मामले से वाकिफ तीन सूत्रों के हवाले से रॉयटर्स की रिपोर्ट में यह बात कही गई है। पिछले साल दिसंबर में जॉइंट वेंचर से अलग हटने के बाद फोर्ड ने महिंद्रा को यह दूसरा झटका दिया है।

नए संबंधों या साझेदारी समाप्त करने के विकल्प पर भी विचार

एक सूत्र का कहना है कि कंपनी महिंद्रा के साथ नए संबंध बनाने या साझेदारी को समाप्त करने के विकल्प पर विचार कर सकती है। इसमें वाहन निर्माण से जुड़ी साझेदारी भी शामिल है। दो अन्य सूत्रों ने उम्मीद जताई है कि फोर्ड इस संबंध में एक महीने के अंदर फैसला कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, फोर्ड के CEO जिम फर्ले भारत में अधिक मुनाफे का रास्ता देखना चाहते हैं।

हाल ही में खत्म हुआ है महिंद्रा और फोर्ड का जॉइंट वेंचर

महिंद्रा एंड महिंद्रा और फोर्ड के बीच जॉइंट वेंचर को लेकर एक साझेदारी हुई थी। इसके तहत दोनों कंपनियां भारत और उभरते बाजारों के लिए कम से कम तीन स्पोर्ट्स यूटीलिटी व्हीकल (SUV) बनाने वाली थीं। 275 मिलियन डॉलर की इस डील के तहत दोनों कंपनियों में सप्लायर, पावरट्रेन और टेक्नोलॉजी शेयर करने का समझौता हुआ था। हालांकि, यह डील 31 दिसंबर 2020 को समाप्त हो गई थी।

 

प्रकाशित तारीख : 2021-02-20 08:55:00

प्रतिकृया दिनुहोस्