रविवार को मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन जुटा तैयारियों में

प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का रविवार को जनपद में संभावित दौरे को लेकर प्रशासन सख्ते में आ गया। प्रत्येक रविवार को लग रहे पं.दीनदयाल जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पहुंचेंगे। जिस पर प्रशासन के उच्चाधिकारी विकासखंड कुरारा के कुसमरा व सुमेरपुर विकासखंड के पौथिया गांव में तैयारियों के लिए पहुंच गए हैं।

जनपद में प्रत्येक रविवार को लगने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का निरीक्षण करने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का जनपद में रविवार को संभावित दौरा लगा है। संभावित दौरे की सूचना मिलते ही शनिवार की दोपहर डीएम, एसपी सहित आला अधिकारी शकते में आ गए। डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने दोपहर को अपने आवास में संबंधित अधिकारियों की बैठक कर दिशा निर्देश देते हुए तैयारियां करने को कहा।

जिसके बाद सभी अधिकारी अपने वाहनों से विकासखंड कुरारा के कुसमरा व सुमेरपुर विकास खंड के पौथिया गांव का भ्रमण करने पहुंच गए। जहां अधिकारियों ने अस्पतालों की साफ सफाई, रंगाई पुताई के साथ सड़कों का निर्माण कार्य करने में जुट गए हैं। उसके बाद डीएम व एसपी ने परेड ग्राउंड में बने हैलीपैड का जायजा लिया। वहीं भाजपा नेता सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, सदर विधायक युवराज सिंह, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, जिलाध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता सहित भाजपाई तैयारियों का जायजा लेने पहुंच गए।

वहीं एसपी श्लोक कुमार सभी थानाध्यक्षों की समीक्षा बैठक लेते हुए दिशा निर्देश दिए। वहीं दोपहर से ही नगर पालिका के सफाई कर्मचारी शहर में घूम रहे अन्ना मवेशियों को हांकते हुए गोशालाओं में बंद करने में जुट गए हैं। वहीं सभी जगह साफ सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। इस मामले में जिलाधिकारी ने कहा कि अभी तक सीएम के आने की सूचना नहीं आई है। यही बात भाजपा जिलाध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता ने कही।

प्रकाशित तारीख : 2020-03-08 11:20:12

प्रतिकृया दिनुहोस्