CoronaVirus महामारी का प्रकोप थमा नहीं, रूस और ब्राजील ने विश्व को चिंता में डाला

दक्षिण अफ्रीका सहित कई विकासशील देशों में बढ़े संक्रमण के मामलों से स्पष्ट है कि महामारी का प्रकोप फिलहाल थमा नहीं है। रूस और ब्राजील में बीमारी के प्रकोप का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि संक्रमण के मामले में दोनों देश सिर्फ अमेरिका से पीछे हैं। खास बात यह है कि कोरोना के मामलों में यह वृद्धि तब सामने आ रही है, जब एशिया, यूरोप और अमेरिका के कई प्रांतों में महामारी पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है।

रूस में पिछले चौबीस घंटे के दौरान 9,263 मामले आए हैं। इस तरह वहां कुल संक्रमित मरीजों की संख्या लगभग तीन लाख हो गई है। संक्रमण के आधे मामले राजधानी मास्को से जुड़े हैं। रूस के दूसरे सबसे बड़े शहर सेंट पीटर्सबर्ग में भी कोरोना का संक्रमण चरम पर है। यहां पर स्थानीय नागरिक प्रशासन ने कहा है कि मौत की वजह चाहे कुछ भी हो, लेकिन ताबूत ढककर ही शव को दफनाया जाए।

पहले यह नियम सिर्फ कोरोना मरीजों की मौत के मामले में था। रूस में अब तक 2,837 लेागों की मौत हो चुकी है। प्रति एक लाख पर 1.88 फीसद की मृत्यु दर है। हालांकि अमेरिका में यह दर 27.61 और ब्रिटेन में 52.45 है। रूस में मृतकों की संख्या पर कई अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विशेष सवाल उठा रहे हैं।

लैटिन अमेरिका की बात करें तो यहां पर संक्रमण के मामले 4,83,400 से अधिक हैं और मरने वालों की संख्या 30,900 है। संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित ब्राजील है, जहां पर ढाई लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यह हाल तब जब सभी लोगों का टेस्ट नहीं किया जा रहा है।

रियो डि जेनेरिया और साओ पाउलो के अस्पतालों के 85 फीसद आइसीयू बेड भरे हुए हैं। अब तक यहां लगभग 17,000 लोगों की मौत हो चुकी है।

प्रकाशित तारीख : 2020-05-19 20:49:02

प्रतिकृया दिनुहोस्