कांग्रेस के 'चाणक्य' अहमद पटेल का निधन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन हो गया है। उनके पुत्र फैसल पटेल ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है। कोरोना संक्रमित होने के बाद वह कई दिनों से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। 71 वर्षीय पटेल को कांग्रेस का 'चाणक्य' माना जाता था। वह दशकों तक गांधी परिवार के सबसे करीबी नेता रहे। उनके बेटे फैसल पटेल ने लिखा- बहुत दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मेरे पिता अहमद पटेल का निधन 25 नवंबर को तड़के 3.30 बजे हो गया। करीब महीने भर पहले वह कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद से उनकी हालत बिगड़ती गई और शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। मैं सभी शुभचिंतकों से प्रार्थना करता हूं कि वे कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करें और भीड़ न करें व सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, अहमद पटेल जी के निधन से व्यथित हूं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में एक लंबा समय बिताया और जन सेवा की। तेज दिमाग के लिए अपनी विशेष पहचान रखने वाले पटेल ने कांग्रेस को मजबूत बनाने में जो भूमिका निभाई उसे हमेशा याद रखा जाएगा।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक शोक संदेश में कहा, वह कांग्रेस के सबसे विश्वसनीय नेताओं में से एक और मेरे बेहतरीन दोस्त थे। उनका जाना कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि पटेल एक ऐसे कामरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र थे जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने एक शोक संदेश में कहा, अहमद पटेल के जाने से मैंने एक ऐसा सहयोगी खो दिया है जिनका पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी को समर्पित था।

राहुल गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि पटेल एक ऐसे स्तंभ थे जो सबसे मुश्किल दौर में भी पार्टी के साथ खड़े रहे।

गृह मंत्री अमित शाह, कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों, वाम दलों, सपा, राजद, द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस और कई अन्य दलों के नेताओं ने भी पटेल के निधन पर दुख जताया।

प्रकाशित तारीख : 2020-11-26 07:05:00

प्रतिकृया दिनुहोस्