US में लॉकडाउन खुलने के बाद कोरोना का जोखिम बढ़ा

अमेरिका में लॉकडाउन खुलने के बाद कोरोना फैलने का जोखिम बढ़ रहा है। मिसौरी में एक संक्रमित सैलून वर्कर से 91 लोगों में कोरोना फैल गया है। इनमें 84 ग्राहक, 7 सैलून वर्कर हैं। अधिकारियों ने कहा कि जिस सैलून वर्कर से संक्रमण फैला, वह लॉकडाउन खुलने के बाद 8 दिन तक काम पर आया था।

मिसौरी में 4 मई से सैलून खुल गए थे। यहां कोरोना के अब तक 11 हजार 752 मामले आए हैं। जबकि 676 मौतें हुई हैं। मिसौरी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के नेता माइक पार्सन गवर्नर हैं। ट्रम्प शुरू से लॉकडाउन खोलने पर जोर देते रहे हैं।

उधर, वॉशिंगटन के स्पोकन शहर की एक पास्ता फैक्ट्री में 22 कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जे इंसली वॉशिंगटन के गवर्नर हैं। इंसली लॉकडाउन खोलने में जल्दबाजी दिखाने पर ट्रम्प की आलोचना कर चुके हैं। वॉशिंगटन में आंशिक लॉकडाउन खुला है। इसके तहत कुछ खाद्य उद्योग खोले गए हैं।

वॉशिंगटन में हेयर सैलून, जिम 1 जून के बाद खुल सकते हैं। यहां अब तक  20 हजार 395 मामले आए हैं। जबकि 1076 मौतें हुई हैं। अमेरिका के सभी 50 राज्यों ने अलग-अलग समय पर लॉकडाउन खोला था।

प्रकाशित तारीख : 2020-05-25 09:48:39

प्रतिकृया दिनुहोस्