लॉक डाउन में लूट की तैयारी : माओवादियों के साथी को एटीएस ने दबोचा!

मुंबई एटीएस की जुहू यूनिट ने वर्षों से फरार चल रहे एक 38 वर्षीय लूटेरे को अंधेरी-पश्चिम स्थित बालासाहेब देवरस मार्ग से धर दबोचा। मामला शनिवार का है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम दलवीर सिंह बलवंत सिंह रावत उर्फ राजा उर्फ पप्पू नेपाली है। आरोप है कि 38 वर्षीय पप्पू नेपाली लॉकडाउन के बीच एक पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बना रहा था। आरोपी दलवीर माओवादियों के साथ भी जुड़ा हुआ है।

शनिवार को दोपहर करीब 2 बजकर 45 मिनट पर जुहू यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक दयानंद नायक को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी दलवीर सिंह रावत लॉकडाउन का फायदा उठाकर अंधेरी के एक पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बना रहा है। खबर मिलते ही एटीएस टीम पूरी तरह सतर्क हो गई। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। जांच में पता चला है कि आरोपी के खिलाफ मुंबई, ठाणे एवं नई मुंबई के पुलिस स्टेशनों में शस्त्र के बल पर डकैती एवं लूट के कुल 30 से अधिक मामले दर्ज हैं।

वर्ष 2017 में वह अपने साथियों के साथ आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा शहर के एक सोने के कारखाने से 16 किलो सोना लूटकर फरार हो गया था, जिसके बाद उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। एटीएस को शक है कि आरोपी दलवीर नेपाल के माओवादियों के संपर्क में है और उन्हें लूट का पैसा भेजता है। आरोपी के खिलाफ मकोका भी लगाया गया है। आगे की जांच जारी है।

प्रकाशित तारीख : 2020-05-26 11:15:16

प्रतिकृया दिनुहोस्