उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्से लू की चपेट में, असम में भारी बारिश के आसार

उत्तर और पश्चिम भारत के कई इलाके लू की चपेट में हैं और मंगलवार को राजस्थान के चुरू में पारा 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं, मौसम विभाग ने असम और मेघालय में 28 मई तक भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम केंद्र में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शहर के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया।

चूरू जिले में पारा 50 डिग्री को छू गया
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक बड़े इलाके में लगातार दो दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज होने पर लू की घोषणा की जाती है जबकि पारा 47 डिग्री होने पर प्रचंड लू की घोषणा की जाती है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली जैसे छोटे इलाके में एक दिन भी 45 डिग्री तापमान होने पर लू की घोषणा की जा सकती है। राजस्थान के कई इलाके प्रचंड लू का सामना कर रहे हैं और चूरू जिले में पारा 50 डिग्री को छू गया। गत दस साल में यह दूसरी बार है जब चुरू में मई महीने में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया।

अगले 24 घंटे प्रचंड लू चलने का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक 19 मई 216 में चुरू में सबसे अधिक 50.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक बीकानेर, गंगानगर, कोटा और जयपुर में अधिकतम तापमान क्रमश: 47.4 डिग्री, 47 डिग्री, 46.6 डिग्री और 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने चुरू, बीकानेर, हनुमानगढ़ और गंगानगर में अगले 24 घंटे प्रचंड लू चलने का पूर्वानुमान लगाया है। दिल्ली का सफदरजंग वेधशाला जो पूरे शहर के तापमान का प्रतिनिधि करता है वहां पर अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रकाशित तारीख : 2020-05-27 09:31:25

प्रतिकृया दिनुहोस्