पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग, एक जवान शहीद और दो घायल; दो दिन पहले संघर्ष विराम उल्लंघन में महिला की मौत हुई थी

पाकिस्तान ने रविवार सुबह नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब पुंछ सेक्टर में फायरिंग की। इसमें भारत का एक जवान शहीद हो गया और दो अन्य घायल हो गए। पुंछ और राजौरी में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी से इस महीने तीन जवानों की शहादत हुई है। भारतीय सेना भी पाकिस्तान की तरफ से हो रही गोलीबारी का माकूल जवाब दे रही है।

सेना के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को भी पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग हुई। इसमें तीन जवान घायल हुए थे। इन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां एक जवान ने दम तोड़ दिया। 10 जूून को राजौरी सेक्टर में नायक गुरुचरण सिंह ऐसे ही हमले में शहीद हुए थे। 

उरी सेक्टर में पाकिस्तान सेना ने गोलीबारी की थी

पाकिस्तान ने 12 जून को जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में गोलीबारी की थी। इसमें एक महिला की मौत हो गई थी जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया था। पाकिस्तानी सेना ने मोर्टार दागे थे। 12 जून को सुबह पाकिस्तान की ओर से बारामूला जिले के रामपुर सेक्टर में भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया था।  हालांंकि, भारतीय जवानों ने इन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया था।

प्रकाशित तारीख : 2020-06-15 10:56:07

प्रतिकृया दिनुहोस्