पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, गोरखा रेजीमेंट का जवान शहीद

पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास शुक्रवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की और गोले दागे। उन्होंने बताया कि हमले में सेना का एक जवान घायल हो गया, जिसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों ने भी संघर्ष विराम उल्लंघन का मुंह तोड़ जवाब दिया।

इससे पहले पाकिस्तान ने बालाकोट में सीजफायर का उल्लंघन किया था, जिसमें एक महिला की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक 8 जुलाई को सुबह दो बजे पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। फायरिंग बालाकोर और मेंधार सेक्टर में एनओसी के पास की गई। इस गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गई. भारत की तरफ से भी इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया गया जिसके बाद ये फायरिंग 2.45 पर रुक गई।

इससे पहले पाकिस्तान ने शनिवार को जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, शनिवार की शाम को लगभग 7 बजकर 45 मिनट पर, पाकिस्तान ने छोटे हथियारों और मोर्टार से पुंछ जिले में देगवार सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास गोलीबारी की।

प्रकाशित तारीख : 2020-07-10 12:53:42

प्रतिकृया दिनुहोस्