असम और बिहार में बाढ़ से स्थिति भयावह, 37 लाख लोग हुए प्रभावित

असम और बिहार में बाढ़ से स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है और करीब 37 लाख की आबादी इसकी वजह से प्रभावित हुई है। असम में बाढ़ के कारण तीन और लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के अनुसार, असम के 33 जिलों में 27 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

बारपेटा, कोकराझार और मोरिगांव जैसे इलाकों में बाढ़ की वजह से मौत होने की घटनाएं सामने आई हैं। भूस्खलन के कारण भी राज्य में इस साल अभी तक करीब 122 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, बिहार में भी कमोबेश ऐसे ही हालात बने हुए हैं।

यहां करीब दस लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गंडक नदी का तटबंध तीन स्थानों पर टूट जाने से कई इलके पानी में डूब गए हैं। हालांकि यहां अभी तक इससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक 10 जिलों में 74 प्रखंडों की 529 पंचायतों में 9.60 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

अरुणाचल प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश की वजह से कई जिलों का संपर्क कट गया और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस बीच भूस्खलन से पश्चिम सियांग जिले में संपर्क कट गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने असम में आई बाढ़ को लेकर वहां के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात की है और राज्य के हालात की जानकारी लेकर एकजुटता प्रकट की है।

प्रकाशित तारीख : 2020-07-25 09:53:50

प्रतिकृया दिनुहोस्