पिता की दूसरी शादी से आहत थे सुशांत: सांसद राउत

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में राजनीति गरमाती जा रही है। इस केस को लेकर मुंबई और बिहार पुलिस के बीच खींचतान चल रही है। अब यह मामला महाराष्ट्र की राजनीति का अहम मुद्दा बन गया है। इस मामले को लेकर अब शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कई सवाल उठाए हैं और गंभीर आरोप लगाए हैं। शिवसेना के मुखपत्र सामना के संपादकीय में उन्होंने बिहार पुलिस और केंद्र सरकार पर आरोप लगाए हैं कि वे मिलकर महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। उन्होंने बिहार के डीजीपी पर आरोप लगाया कि वह भाजपा के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने सुशांत के पिता की दूसरी शादी करने और बाप-बेटे के आपसी संबंध अच्छे न होने की बात भी कही है।

पिता से नहीं थे अच्छे संबंध
संजय राउत ने आरोप लगाया कि सुशांत का परिवार मतलब पिता पटना में रहते हैं। उनके पिता से उसके संबंध अच्छे नहीं थे। पिता ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसे सुशांत ने स्वीकार नहीं किया था। पिता से उसका भावनात्मक संबंध शेष नहीं बचा था। उसी पिता को बरगलाकर बिहार में एक एफआईआर दर्ज कराई गई व मुंबई में घटे गुनाह की जांच करने के लिए बिहार की पुलिस मुंबई आई।

राज्य की स्वायत्ता पर हमला
संजय राउत ने कहा कि मुंबई पुलिस पर आरोप लगाकर बिहार सरकार ने केंद्र से सीबीआई जांच की मांग की। 24 घंटे के अंदर यह मांग मान भी ली गई। यह राज्य की स्वायत्ता पर सीधा हमला है। सुशांत का मामला कुछ और समय मुंबई पुलिस के हाथ में रहता तो आसमान नहीं टूट जाता, लेकिन यह राजनीतिक निवेश और दबाव की राजनीति है। उन्होंने यहां तक कहा कि सुशांत प्रकरण की पटकथा पहले ही लिखी गई थी।

प्रकाशित तारीख : 2020-08-10 11:10:09

प्रतिकृया दिनुहोस्