Unlock 6.0 : केंद्र का राहत देने से इनकार, कुछ राज्यों सरकारों ने की छूट की घोषणा

केंद्र सरकार ने अनलॉक 6.0 के तहत नवंबर के लिए अभी तक कोई दिशा निर्देश जारी करने के संकेत नहीं दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस सप्ताह के प्रारंभ में साफ कर दिया था कि अक्टूबर की तरह 30 नवंबर तक अनलॉक 5.0 के दिशा निर्देश ही प्रभावी माने जाएंगे। नवंबर में अतिरिक्त छूट देने की केंद्र की कोई योजना नहीं है।

इसके उलट कुछ राज्यों की सरकारों ने नवंबर में कुछ नई गतिविधियों में छूट देने की घोषणा की है। बता दें कि 1 जून से देश में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद से सोशल डिस्टेंसिंग से जुड़ी गाइडलाइन के साथ रेस्तरां, सिनेमा हॉल, जिम, मॉल, स्कूल, स्विमिंग पूल, धार्मिक स्थल और मेट्रो रेल सेवाओं, सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस को खोलने इजाजत पहले से ही है। इस दौरान भारत में एक तरफ कोविद-19 मामलों में तेजी देखी गई तो दूसरी तरफ रिकवरी रेट 91.34 फीसदी तक पहुंच गया है।

Unlock 6.0: केंद्र सरकार ने जारी कीं गाइडलाइंस, जानिए क्या खुलेगा और क्या नहीं

अनलॉक 6.0 : इन राज्यों की सरकारों ने नई गतिविधियों में छूट देने की घोषणा की।

1. दिल्ली

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजधानी में सार्वजनिक बसों को पूरी क्षमता के साथ चलाने की अनुमति दी है। लॉकडाउन के बाद से दिल्ली की बसों में केवल 20 यात्रियों को बैठने की इजाजत थी। अब एसी बसों में 35 और नॉन एसी बसों में 41 लोग सफर कर पाएंगे। दिल्ली सरकार की आनंद विहार, कश्मीरी गेट और सराय काले खां स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों को फिर से खोलने की योजना है। इसके लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की जा रही है।

दिल्ली सरकार ने ये छूट उस समय दी है जब देश की राजधानी में कोविद-19 के मामले औसतन 5 हजार से ज्यादा सामने आ रहे हैं।

2. ओडिशा

नवीन पटनायक की सरकार ने अनलॉक 6.0 के तहत 16 नवंबर से कक्षा 9 से 12 के छात्रों के लिए स्कूल और पूजा स्थलों को सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ खोलने की घोषणा की है। उच्च शिक्षण संस्थानों को शोध के लिए खोलने साथ विज्ञान और प्रौद्योगिकी में पीजी छात्रों के लिए लैब खोलने की इजाजत दी है। ओडिशा में अब प्रवेश परीक्षा का आयोजन, मूल्यांकन और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों को संचालित करने की भी अनुमति सरकार ने दी है। ओडिशा में अब शादी समारोह में 200 और अंतिम संस्कार में अब 50 लोग शामिल हो पाएंगे। लेकिन सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल, मनोरंजन परिसर, थिएटर, ऑडिटोरियम, असेंबली हॉल पहले की तरह बंद रहेंगे।

Unlock-5: नई गाइडलाइन्स के साथ आज से खुले सिनेमाघर, इन नियमों के साथ दर्शकों की होगी थिएटर में एंट्री

3. आंध्र प्रदेश

आंध प्रदेश सरकार ने क्लास नौ और 10 के लिए स्कूल 2 नवंबर, क्लास 6 से 8 के लिए 23 नवंबर और क्लास एक से पांच के लिए 14 दिसंबर से खोलने की घोषणा की है। छात्र वैकल्पिक दिनों में ही स्कूल में शामिल हो सकते हैं। कक्षाएं केवल दोपहर तक ही आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक कक्षा में केवल 16 छात्र शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा राज्य सरकार ने सभी उच्च शैक्षणिक संस्थानों को 2 नवंबर से खोलने की भी घोषणा की है।

4. महाराष्ट्र

उद्धव ठाकरे सरकार ने आम जनता को नवंबर की शुरुआत से नॉन पीक आवर के दौरान लोकल ट्रेनों में सफर की अनुमति दी है। फिलहाल, राज्य सरकार ने रेल मंत्रालय से इसके लिए इजाजत मांगी है। महाराष्ट्र सरकार प्रस्ताव के मुताबिक लोग वैध टिकट या पास के साथ सुबह 7.30 बजे से पहले, फिर 11 बजे से 4.30 बजे के बीच और रात में 8 बजे के बाद लोकल ट्रेनों में सफर कर पाएंगे।

School Reopening: राज्य सरकार का बड़ा ऐलान, 15 अक्‍टूबर से फिर खुलने जा रहे स्कूल, यह है शर्त

5. तमिलनाडु

तमिलनाडु सरकार ने स्कूलों, कॉलेजों, सिनेमाघरों, चिड़ियाघरों और मनोरंजन पार्क को एसओपी नियमों को लागू करने की शर्त पर नवंबर से खोलने की अनुमति दी है। उपनगरीय ट्रेन सेवाएं केंद्र सरकार की शर्तों के मुताबिक खोले जाएंगे। स्कूलों, कॉलेजों, अनुसंधान और अन्य शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों को 16 नवंबर से खोलने की इजाजत दी है। स्कूल केवल 9 से 12वीं के छात्रों के लिए ही खोले जाएंगे।

अनलॉक 5.0 में केंद्र की ओर से जारी छूट

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अनलॉक 5.0 के तहत सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी थी। इसी तरह इंडोर सभागारों को भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की अनुमति है। मनोरंजन पार्क और ट्रेड एग्जीविशन की इजाजत भी 15 अक्टूबर से है। खिलाड़ियों के लिए स्विमिंग पूल का इस्तेमाल किया जा सकता है।

प्रकाशित तारीख : 2020-11-01 00:34:00

प्रतिकृया दिनुहोस्