बिहार के बाद मोदी मन में बंगाल

बिहार में राजग की जीत पर मुहर लगने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा की जीत का जश्न मनाने पार्टी मुख्यालय पहुंचे। करीब 40 मिनट के भाषण में उन्होंने बिहार पर बात की। परिवारवाद का जिक्र कर कांग्रेस पर निशाना साधा और राजनीतिक हत्याओं का जिक्र कर विरोधी दलों को आड़े हाथ लिया। बंगाल या तृणमूल का नाम लिए बिना बोले- मौत का खेल खेलकर कोई मत नहीं पाता है, दीवार पर लिखे ये शब्द पढ़ लेना। बिहार के बाद अब बंगाल में मई 2021 में विधानसभा चुनाव हैं। 

जेपी नड्डा को फुल सपोर्ट: कोरोना के संकटकाल में ये चुनाव करवाना आसान नहीं था, लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त और पारदर्शी हैं कि उन्होंने इतना बड़ा चुनाव करवाकर दुनिया को भी भारत की ताकत का अहसास करवाया। चुनाव में भाजपा को और एनडीए को अपार जनसमर्थन मिला है। मैं हर भाजपा कार्यकर्ता और उनके परिवारजनों को हृदय से बधाई देता हूं। ये चुनावी नतीजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डाजी की कुशलता और प्रभावी रणनीति का ही परिणाम है। नड्डा जी को जितनी बधाई दें, कम है। नड्डा जी आगे बढ़ो, हम साथ हैं। 

राजनीति का आधार सिर्फ विकास: भाजपा ही एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी है, जिसका परचम देश के नागरिकों ने ही पूरे देश में फहराया है। आप याद कीजिए कि कभी हम दो सीटों तक थे और दो कमरों से पार्टी चला करती थी और आज हिंदुस्तान के हर कोने में है। 21वीं सदी के भारत के नागरिक बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा। 21वीं सदी में देश की राजनीति का आधार सिर्फ और सिर्फ विकास ही होगा। जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनका क्या हुआ, मालूम है ना? उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गई है। 

नौजवानों को बस भाजपा पर भरोसा: हम हर वो काम करेंगे, जो देश को आगे ले जाए। हम हर वो फैसला लेंगे, जो देश हित में हो, देश के लोगों के हित में हो। साथियों ! आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं, अपना भविष्य देखते हैं। आज भाजपा ही ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है, हर क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझी है और उनके लिए काम कर रही है। आज देश के नौजवानों को सबसे ज्यादा भरोसा किसी पर है, तो वो भाजपा है। 

जनता बार-बार भाजपा को मौका दे रही: ये भाजपा ही है, जिस पर देश आज सबसे ज्यादा भरोसा कर रहा है। ये भरोसा भाजपा के लिए, मेरे लिए, आपके प्रधानसेवक के लिए बहुत बड़ी पूंजी है। 

 

प्रकाशित तारीख : 2020-11-12 07:24:00

प्रतिकृया दिनुहोस्