पूरे देश को नहीं लगेगी वैक्सीन!

देश में कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कुछ जानकारी साझा की है। इनमें सबसे बड़ी बात यह कही गई कि पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में एक बार दोबारा कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क जरूर लगाएं। साथ ही दूरी का ख्याल रखें और बार-बार हाथ धोएं। वहीं, वैक्सीन को लेकर भी अहम जानकारी साझा की गई है। 

स्वास्थ्य सचिव ने यह बात साफ की कि कभी भी सरकार द्वारा पूरे देश को वैक्सीन लगाने की बात नहीं कही गई है। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि ऐसे वैज्ञानिक चीजों के बारे में तथ्यों के आधार पर बात की जाए। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन कितना प्रभावकारी है यह वैक्सीन पर निर्भर करेगा। हमारा उद्देश्य कोरोना ट्रांसमिशन चेन को तोड़ना है। अगर हम खतरे वाले लोगों को टीका लगाकर कोरोना ट्रांसमिशन रोकने में सफल रहे तो हमें शायद पूरी आबादी को वैक्सीन लगाने की जरूरत नहीं पड़े। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि नवंबर में कोविड -19 संक्रमण के बाद ठीक होने की संख्या औसत मामलों से अधिक थी। देश में कोविड -19 की स्थिति पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा, औसतन 43,152 कोविड -19 मामले थे जो नवंबर में हर दिन रिपोर्ट किए गए थे। इसकी तुलना में, हर रोज ठीक होने वालों की संख्या 47,159 थी। 

इसके अलावा बताया गया कि भारत में अब तक 14 करोड़ से अधिक कोविड -19 टेस्ट किए गए हैं और राष्ट्रीय सकारात्मकता दर 6.69 फीसद है। भूषण ने कहा कि देश में 11 नवंबर को पॉजिटिविटी रेट 7.15' था और 1 दिसंबर को ये 6.69' हो गया है। 

उन्होंने कहा कि आज भी विश्व के बड़े देशों में भारत में प्रति दस लाख लोगों पर मामले सबसे कम हैं। अनेक ऐसे देश हैं जहां पर भारत से प्रति दस लाख लोगों पर आठ गुना तक ़ज्यादा मामले हैं। हमारी मृत्यु प्रति मिलियन दुनिया में सबसे कम है। 

भूषण ने बताया, 'जब क्लीनिकल ट्रायल शुरू होते हैं तो लोगों की सहमति से फॉर्म साइन कराया जाता है। यही प्रक्रिया दुनियाभर में है। अगर कोई ट्रायल में शामिल होने का फैसला लेता है तो इस फॉर्म में ट्रायल के संभावित उल्टे प्रभाव के बारे में बताया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि दवाई या वैक्सीन का बुरा प्रभाव पड़ता है। यह रेग्युलेटर की जिम्मेदारी है कि डेटा जुटा कर पता लगाए कि क्या इवेंट और इंटरवेंशन के बीच कोई लिंक है? 

प्रकाशित तारीख : 2020-12-02 18:50:00

प्रतिकृया दिनुहोस्