हम चीन से निपटने को तैयार'

चीन के साथ सीमा पर मई महीने से ही तनाव जारी है। दूसरी तरफ, पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान भी लगातार घुसपैठ की कोशिश कर रहा है। ऐसे में 'नौसेना दिवस' के एक दिन पूर्व गुरुवार को नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि देश के सामने कोरोना और सीमा पर चीन से निपटने की चुनौती है और नौसेना इसके लिए पूरी तरह तैयार है। 

43 में से 41 युद्धपोतों और पनडुब्बियों का निर्माण भारत में 

एडमिरल करमबीर सिंह ने बताया कि भविष्य में नौसेना के लिए बनाए जाने वाले 43 युद्धपोतों और पनडुब्बियों में से 41 को भारत में बनाया जाना है, जिसमें स्वदेशी विमान वाहक पोत भी शामिल होगा। ऐसा 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान के मद्देनजर किया जा रहा है। नौसेना में महिला अधिकारियों को लेकर जानकारी देते हुए एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना ने नवंबर में जहाजों पर चार महिला अधिकारियों को नियुक्त किया है और दो महिला अधिकारियों को मालदीव और रूस में विदेशी बैलेट में नियुक्त किया गया है। 

एडमिरल सिंह ने कहा कि देश के सामने कोरोना वायरस महामारी और वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन की नापाक हरकतों से निपटने की दोहरी चुनौती है। इन दोनों चुनौतियों का सामना करने के लिए नौसेना पूरी तरह तैयार है। भारतीय नौसेना परीक्षा की इन घड़ियों में मजबूती से डटे रहने के लिए दृढ़ संकल्पित है। 

दो प्रीडेटर ड्रोन के जरिए निगरानी 

नौसेना प्रमुख ने कहा, हिंद महासागर में अतिक्रमण की स्थिति से निपटने के लिए हमारे पास एक एसओपी है। लीज पर लिए गए दो प्रीडेटर ड्रोन हमारी निगरानी क्षमता में अंतर को पूरा करने में मदद कर रहे हैं। 

 

प्रकाशित तारीख : 2020-12-04 07:06:00

प्रतिकृया दिनुहोस्