अजित पवार में ताकत होती तो टिक जाती फड़नवीस सरकार: पाटिल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनके पास ताकत होती तो फड़नवीस सरकार टिक जाती। वे शिर्डी में साईबाबा के दर्शन के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। 

पाटिल ने कहा कि अजित पवार में इतनी ताकत होती तो जब 80 घंटे की सरकार बनी, उस वक्त उनके विधायक सरकार बचा सकते थे। वे अपने विधायकों को संभालते तो सरकार टिक जाती। अजित पवार ने कहा था कि भाजपा में कई विधायक नाराज है? इस सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वे दावा कर रहे हैं कि हमारी सरकार अच्छी चल रही है, ऐसे में हमारे लोगों को क्यों आकर्षित कर रहे हो? उन्होंने कहा कि अजित पवार अच्छे नेता है, अच्छा काम करते हैं। मजाक में कुछ बोलने से उनकी प्रतिष्ठा धूमिल होगी। राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने भी कहा था कि भाजपा विधायक नाराज हैं, और राकांपा में बड़ी भर्ती का दावा किया था, इस पर पाटिल ने कहा कि आप सरकार चलाएं, हम विपक्ष संभाल रहे हैं। 

जब चंद्रकांत पाटिल से संजय राउत के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने मजाक में कहा कि कौन संजय राउत? डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर का नाम लेना, लेकिन उनके दिए हुए संविधान को मानना नहीं। डॉ. आंबेडकर के संविधान पर देश का कामकाज अच्छी तरह से चल रहा है और आगे भी चलेगा, यह सभी आपको मंजूर है या नहीं? यह सवाल उन्होंने संजय राउत और शिवसेना से किया। 

ग्राम पंचायत चुनाव पर बोलते हुए पाटिल ने कहा कि शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा मिलकर लड़ते हैं तो उनकी ताकत बढ़ जाएगी, लेकिन हम भी ग्राम पंचायत चुनाव जोरदार ढंग से लडेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे चंपा कहा जाता है, लेकिन मैं इसका जवाब नहीं देता, लेकिन यदि मुख्यमंत्री को उठा और शरद पवार को शपा बोला जाए तो चलेगा? यह महाराष्ट्र की संस्कृति नहीं है। 

 

प्रकाशित तारीख : 2020-12-18 07:54:00

प्रतिकृया दिनुहोस्