ब्रिटेन से लौटी युवती कोरोना पॉजिटिव

इंग्लैंड से वापस डोंबिवली पहुंची एक युवती कोरोना संक्रमित पाई गई है। इस साल 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक 55 लोग कल्याण-डोंबिवली में वापस आए थे। इन सभी की पहचान कर उसकी जांच की जा रही है। अब तक 20 लोगों की जांच की गई है, जिनमें से सात लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन एक 19 वर्षीय युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अधिकारियों के मुताबिक युवती को किसी तरह की परेशानी नहीं है और उसकी तबीयत बिल्कुल ठीक है। उसे कोरेंटाइन कर दिया गया है। इसके अलावा सैंपल आगे की जांच के लिए पुणे भेज दिया गया है। इंग्लैंड में कोरोना के ज्यादा संक्रामक वायरस पाए जाने के बाद फिलहाल यूके से आने वाली सभी उड़ाने 31 दिसंबर तक रोक दी गईं हैं। साथ ही पिछले एक महीने में वहां से आए लोगों की पहचान कर उनकी जांच की जा रही है। कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका ने वापस आए 55 लोगों में से 45 लोगों का सर्वेक्षण किया, जिसके बाद 20 लोगों की जांच के लिए नमूने लिए गए।

औरंगाबाद की महिला भी संक्रमित 

इधर औरंगाबाद में ब्रिटेन से आई महिला कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर के बाद उस महिला समेत 44 लोग ब्रिटेन से जिले में आए थे। औरंगाबाद महानगरपा​िलका में स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीता पढालकर ने बताया कि ब्रिटेन से आने वाले लाेगाें में से 11 की आरटी-पीसीआर जांच हुई थी, जिसमें से एक महिला संक्रमित पाई गईं। हालांकि उनमे में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं। अधिकारी ने बताया कि बाकी के नौ लोग संक्रमित नहीं पाए गए हैं, जबकि एक की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीता पढालकर ने बताया कि महिला के नमूने पुणे के विषाणु विज्ञान संस्थान को भेजे गए हैं। जांच में साफ हो जाएगा कि मरीज को संक्रमण इंग्लैंड में हुआ या फिर औरंगाबाद आने के बाद। शुक्रवार रात को जिले के एक अधिकारी ने एक बयान में बताया था कि अधिकारियों को ब्रिटेन से औरंगाबाद आए 44 लोगों की लिस्ट मिली है, जिनमें से 13 से अभी तक संपर्क नहीं साधा जा सका है।

प्रकाशित तारीख : 2020-12-28 07:02:00

प्रतिकृया दिनुहोस्