कोई माई का लाल नहीं छीन सकता किसानों की जमीनः राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह दुष्प्रचार किया गया कि किसानों की जमीन कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग के माध्यम से छीन ली जाएगी। राजनाथ ने कहा कि कोई भी मां का लाल किसानों से उनकी जमीन नहीं छीन सकता है। ये मुकम्मल व्यवस्था कृषि कानूनों में की गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा MSP जारी रहेगी और कोई भी किसानों से उनकी जमीन नहीं छीन सकता। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब भी देश में व्यापक सुधार हुए हैं उनका असर दिखने में थोड़ा समय लगा है।

राजनाथ ने डिजिटल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब कभी-कभी सुधार लागू किए जाते हैं, तब इसके सकारत्मक परिणाम दिखने शुरू होने में कुछ साल लग जाता है। उन्होंने कहा कि चाहे वह तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह द्वारा लाए गए 1991 के आर्थिक सुधार हों या फिर वापजेयी सरकार के दौरान लाए गए अन्य सुधार हों, उनके सकारात्मक परिणाम दिखने में 4-5 साल लग गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि क्षेत्र में सुधार की शुरुआत की है, मैं किसान भाईयों से अपील करता हूं कि कम से कम डेढ़-दो साल इन कृषि सुधारों के असर को देख लीजिए। राजनाथ ने कहा कि पहले हमें कुछ समय तो दीजिए, अगर आपको इसमें कुछ नुकसान लगे तो हम उन्हें (कानूनों को) बातचीत के माध्यम से सुधार सकते हैं। साथ ही राजनाथ ने कहा कि कृषि कानूनों के लागू होने से किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। राजनाथ ने कहा कि सरकार ने कभी भी MSP खत्म नहीं होगी और भविष्य में भी ऐसा नहीं होगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग खेती के बारे में जानते भी नहीं हैं, वे निर्दोष किसानों को गुमराह कर रहे हैं।

 

प्रकाशित तारीख : 2020-12-28 07:55:00

प्रतिकृया दिनुहोस्