मुंबई के सभी स्कूल 15 जनवरी तक बंद

कोरोना संकट को देखते हुए मुंबई मनपा ने मुंबई के स्कूलों के संबंध में एक बड़ा निर्णय लिया गया है। कोरोना का संक्रमण बढ़े नहीं, इसके लिए सावधानी के तहत मुंबई मनपा क्षेत्र के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल को 15 जनवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। 

मनपा शिक्षा अधिकारी ने कहा कि 16 जनवरी को शनिवार होने और 17 जनवरी को रविवार होने के कारण मुंबई में स्कूल अब 18 जनवरी से ही खुल सकते हैं। ब्रिटेन में पाए गए नए कोरोना वायरस स्ट्रेन को देखते हुए मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल से परामर्श के बाद मनपा के सभी स्कूलों को 15 जनवरी तक पूर्ववत बंद रखने का आदेश दिया गया है। 

इसके पहले बृहन्मुंबई महानगरपालिका के क्षेत्र में आने वाले सभी स्कूल 31 दिसंबर तक बंद रखने का फैसला किया गया था। मुंबई में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर स्कूलों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का फैसला लिया गया था। स्कूल पहले 23 नवंबर को फिर से खुलने वाले थे। महाराष्ट्र के कुछ ग्रामीण इलाकों में स्कूल खोले गए हैं, लेकिन वहां भी छात्रों की उपस्थिति बेहद कम रही है। उस वक्त मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर ने कहा था कि मुंबई में कोविड-19 के मामलों में हो रही वृद्धि के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया। स्कूलों को 23 नवंबर से न खोलने के फैसले पर बीएमसी के अधिकारियों ने कहा था है कि शहर में महामारी की संभावित दूसरी लहर के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया।

पहले 23 नवंबर को स्कूलों को खोलने की घोषणा करते समय महाराष्ट्र सरकार ने शिक्षकों के लिए कोविड-19 जांच कराना अनिवार्य कर दिया था। इसके अलावा कुछ दिशा-निर्देश भी जारी किए थे, जिसमें छात्रों को घर से पढ़ाई जारी रखने की अनुमति दी गई थी। स्कूल जाने के इच्छुक लोगों को अपने माता-पिता से सहमति पत्र प्रस्तुत करना था। 

 

प्रकाशित तारीख : 2020-12-30 07:52:00

प्रतिकृया दिनुहोस्