जेपी नड्डा से मिले प्रदेश भाजपा के नेता

राज्य में मनपा सहित अन्य चुनावों की तैयारियों में भाजपा जोर-शोर से जुट गई है। इस बीच शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, प्रदेश के संगठन मंत्री विजय पुराणिक दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। नड्डा और प्रदेश नेताओं के बीच राज्य में विधानपरिषद की छह सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को मिली हार के अलावा, राज्य में होने वाले विभिन्न मनपा और ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर लंबी बातचीत हुई।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व सीएम फड़नवीस के नेतृत्व में दिल्ली गए भाजपा के वरिष्ठ नेता आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी के संगठन में बड़ा बदलाव चाहते हैं, जिसे लेकर पार्टी के अध्यक्ष नड्डा से चर्चा हुई है।

सूत्रों का कहना है कि राज्य में तीन पार्टियों की महाविकास आघाड़ी सरकार को चुनाव में हराने  के लिए भाजपा को कड़ी मेहनत और संगठन मजबूत के साथ -साथ केंद्र का सहयोग बेहद जरुरी है। हाल ही में हुए विधानपरिषद चुनाव पार्टी उम्मीदवारों को मिली हार के बाद आगामी चुनाव को लेकर भाजपा कोई ऐसी रिस्क नहीं लेना चाहती, जिसके कारण पार्टी को नुकसान उठाना पड़े।

फड़नवीस के नेतृत्व में प्रदेश नेताओं की नड्डा से हुई मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि अभी हाल में ही भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक बुलाई गई थी, जिसमें बैठक के पहले दिन पार्टी के प्रकोष्ठ और मोर्चा, जबकि दूसरे दिन पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की प्रमुख उपस्थिति में भाजपा प्रदेश नेताओं की हुई बैठक में राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, शिव प्रकाश, वी.सतीश और प्रदेश संगठन मंत्री विजय पुराणिक उपस्थित थे। नड्डा के मुलाकात करने से पहले पूर्व सीएम फड़नवीस ने केंद्रीय बाल महिला कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी और वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की।

प्रकाशित तारीख : 2021-01-10 08:05:00

प्रतिकृया दिनुहोस्