मुंडे को देना ही होगा इस्तीफा: पाटिल

भाजपा ने धनंजय मुंडे से एक बार फिर इस्तीफे की मांग कर अपनी भूमिका साफ कर दी है। महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने साफ तौर पर कहा है कि सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि उन्होंने स्वयं स्वीकार किया है कि पहले से ही उनकी एक पत्नी होने का बावजूद उनके बीते कई साल से एक महिला से संबंध है एवं उससे दो बच्चे हैं। पुणे में एक प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने कहा है कि मुंडे की इस स्वीकारोक्ति के बाद मुंडे को नैतिकता के नाते भी सरकार में बने रहने का कोई हक नहीं है। पाटिल ने इस मामले में पूरे प्रदेश में आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि सोमवार से सभी कलेक्टरों तथा तहसीलदार कार्यालयों के सामने भाजपा महिला मोर्चा प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देगा।

गुमराह कर रही है राकांपा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि रेप के आरोपी मंत्री धनंजय मुंडे को मंत्रिमंडल से निकाले जाने पर राष्ट्रवादी कांग्रेस ने पहले तो सकारात्मक रुख दिखाया और शरद पवार ने भी कहा कि आरोप गंभीर हैं, लेकिन बाद में जांच रिपोर्ट आने तक मुंडे को मंत्रिमंडल से इस्तीफा न देने की वजह बताकर शरद पवार ने पूरे महाराष्ट्र की साढ़े 11 करोड़ जनता की अपेक्षाओं पर पानी फेर दिया। पाटिल ने कहा कि रेणु शर्मा के आरोपों एवं मुंडे के एक महिला से 15 सालों से संबंधों की अपने जीवन में की गई अनैतिकता का मामला अलग है। ऐसे में राकांपा दिशा भूल करने का प्रयास कर रही है, जबकि धनंजय मुंडे ने करुणा शर्मा से जन्मे  जिन दो बच्चों को अपना बताया है, उनका उल्लेख मुंडे ने चुनाव आयोग में पेश अपने एफिडेविट में नहीं किया है।

नैतिकता के आधार पर हो इस्तीफा

कई मंत्रियों द्वारा इस्तीफे दिए जाने का हवाला देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि एयरहोस्टेस से बदसलूकी करने के आरोप में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री रहे रामराव आदिक, महिलाओं से मालिश कराने के आरोप में आंध्र प्रदेश के राज्यपाल नारायण दत्त तिवारी, नर्स भंवरी देवी केस के आरोपी राजस्थान के मंत्री महिपाल मदेरणा और बलात्कार के आरोपी बाबूलाल नागर  तिवारी, अश्लील सीडी सार्वजनिक होने पर दिल्ली के मंत्री संदीप कुमार, कर्नाटक के मंत्री एचवाय मिटी सहित मीटू केंपेन में एक महिला द्वारा लगे आरोपों के बाद केंद्र सरकार में मंत्री एमजे अकबर ने भी नैतिकता के नाम पर इस्तीफा दिया।

प्रकाशित तारीख : 2021-01-17 07:08:00

प्रतिकृया दिनुहोस्