मनपा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ठाकरे हुए सक्रिय

आगामी मुंबई मनपा चुनाव को देखते हुए राज्य और मनपा की सत्ता में काबिज शिवसेना चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसी के तहत पार्टी प्रमुख और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई से जुडी समस्याओं को लेकर नगरविकास विभाग की बैठक आयोजित की। बैठक में मुंबई के फुटपाथ, फ्लाईओवर, बस स्टापों के सौंदर्यीकरण, शौचालयों की संख्या में वृद्धि, फूड हब का निर्माण, बस स्टैंड का नवीनीकरण, नालासफाई आदि का काम जून 2021 तक करने का निर्देश दिया है।

सरकारी आवास वर्षा बंगले पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित नगरविकास विभाग की बैठक मे संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया। बारिश के मौसम में मुंबई वासियों को होने वाली जलजमाव की समस्याओं को देखते हुए कहा कि मानसून में पानी को बचाने के लिए, नालों की सफाई के साथ-साथ नालों के गहरीकरण और चौड़ीकरण पर जोर दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुंबई में लगभग 344 फ्लाईओवर हैं, जिनमें से 42 पुलों को सौंदर्यीकरण के लिए चुना गया है और प्रत्येक वार्ड में 120 परिवहन डिपो के सौंदर्यीकरण का काम किया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी सुझाव दिया कि वर्ली सी फेस पर स्थापित आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल कहीं और लगाए जाएं। महानगर में 366 स्थानों पर वर्षा जल संचयन किया जाता है। इसमें से 171 जगहों का काम पूरा हो चुका है और 120 जगहों पर काम चल रहा है। इसलिए 291 स्थानों के कार्य मानसून से पहले पूरे किए जाएं। एहतियात बरतने का निर्देश देते हुए सीएम ने कहा कि मुंबई शहर में कोई ऐसा निर्माण नहीं किया जायेगा जिससे मुंबई वासियो का नुकसान हो।
 

महानगर में मंडियों, पार्कों और सड़कों पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि मुंबई में फुटपाथ को सुशोभित किया जा रहा है। इसके लिए 24 वार्डों में 149 फुटपाथों का चयन किया गया है। मई के अंत तक इन मार्गों का लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो जाएगा। इन मार्गों को कैसे सुशोभित किया जा रहा है, इसकी एक प्रस्तुति मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने दिया है। मुंबई में एक स्ट्रीट फूड हब स्थापित किया जा रहा है, जिसके लिए 62 सड़कों का चयन किया गया है। शौचालयों की संख्या में वृद्धि की जाएगी और 22 हजार 774 नए शौचालय स्थापित किए जाएंगे। जिसमें से 20 हजार 301 शौचालय जून के अंत तक पूरे हो जाएंगे। साथ ही 8637 नए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। बैठक में शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे, मुख्य सचिव संजय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार अजोय मेहता, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव आशीष कुमार सिंह, प्रमुख सचिव विकास खरगे, मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल, अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी भिडे, संजीव जायसवाल, सुरेश काकानी, पी. वेलारसु आदि मौजूद थे।

प्रकाशित तारीख : 2021-01-20 08:17:00

प्रतिकृया दिनुहोस्