केंद्र को कोसने की बजाय राज्य के विकास कार्य पर ध्यान दें : पाटिल

मुंबई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने कहा है कि राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार केंद्र सरकार को कोसना बंद कर, प्रदेश में विकास कार्य तेज करे। केंद्र की मोदी की सरकार ने हाल ही में महाराष्ट्र को 11 हजार 519 करोड़ 31 लाख रुपए का जीएसटी रिफंड वापस किया है। पाटिल ने कहा कि सरकार को इस राशि का उपयोग राज्य में कोविड रोकने के उपायों और विकास कार्यों को तेज करने में करना चाहिए। 

पाटिल ने राज्य सरकार को सलाह देते हुए कहा है कि केंद्र से राशि मिलने के बाद अब महाराष्ट्र सरकार को मोदी सरकार पर टिप्पणियां करने के बजाय जनता के हित में तेजी से काम करने चाहिए। बता दें  कि उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने हाल ही में कहा था कि केंद्र सरकार से जीएसटी का बकाया अभी तक 27 हजार करोड़ रुपए प्राप्त होने हैं, जिससे राज्य का बजट प्रभावित हो रहा है। पाटिल ने कहा कि सन 2019-20 में केंद्र सरकार द्वारा सबसे अधिक 19 हजार 233 करोड़ रुपए का जीएसटी रिफंड महाराष्ट्र को दिया गया। पिछले हफ्ते केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अक्टूबर 2020 तक के चार महीनों के जीएसटी के एक लाख करोड़ रुपए का भुगतान किया है। इसमें महाराष्ट्र को दूसरी सबसे ज्यादा जीएसटी रिफंड हुई है।

प्रकाशित तारीख : 2021-02-23 08:30:00

प्रतिकृया दिनुहोस्