गुजरात में भाजपा की ऐतिहासिक जीत

गुजरात नगर निगम चुनावों में  भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात की जनता का धन्यवाद किया है। अपने ट्वीट संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि पूरे राज्य से जो चुनाव परिणाम आए हैं उनसे पता चलता है कि जनता का विश्वास विकास की राजनीति में है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय जनता पार्टी पर एक बार फिर से भरोसा करने के लिए गुजरात की जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात के लिए सेवा करना हमेशा सम्मान का विषय है। 

मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी का विजन जनता तक पहुंचाया। उन्होंने गुजरात की सरकार के बारे में कहा कि राज्य की सरकार जनता के हितों की रक्षा करने वाली सरकार है और पूरे राज्य में सरकार का सकारात्मक प्रभाव रहा है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुजरात नगर निगम चुनावों में जीत एक ऐसी पार्टी के लिए विशेष जीत है जो दो दशकों से भी ज्यादा समय से राज्य की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी को समाज के हर वर्ग और खासकर युवाओं का समर्थन मिलना दिल को छू जाता है। 

गुजरात के छह महानगर पालिका (मनपा) चुनावों में एक बार फिर भाजपा का परचम लहराया है। मंगलवार को काउंटिंग पूरी होने पर सभी छह मनपा यानी अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, जामनगर और भावनगर में भाजपा को बहुमत मिल गया है। भाजपा ने 489 यानी 85% और कांग्रेस ने 46 यानी 8% सीटें जीती हैं, लेकिन चौंकाने वाले नतीजे अहमदाबाद और सूरत से आए। अहमदाबाद में ओवैसी की पार्टी AIMIM के सात पार्षद जीते हैं। वहीं, सूरत में आम आदमी पार्टी के 27 पार्षद जीते हैं।

सूरत में कांग्रेस को जबर्दस्त झटका लगा है। यहां पाटीदार कार्ड खेलने के बावजूद सूरत मनपा से पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। सूरत की 120 सीटों में से भाजपा ने 97 पर जीत दर्ज की। वहीं, 27 सीटें जीतकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने गुजरात में अपनी एंट्री दर्ज कराई है। गुजरात की छह मनपा की कुल 576 सीटों पर 21 फरवरी को वोट डाले गए थे।

सूरत में कांग्रेस ने पाटीदार वोट बैंक को साधने के लिए हार्दिक पटेल को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी प्रमुख बनाया था। लेकिन, पाटीदार आरक्षण समिति के नेता हार्दिक के कांग्रेस ज्वाइन करते ही पाटीदारों में फूट पड़ गई। कांग्रेस ने जिन पाटीदार नेताओं को टिकट नहीं दिया, उन्होंने आम आदमी पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ा और कांग्रेस का हार्दिक फॉर्मूला नाकाम कर दिया।

भाजपा को 17 सीटों का फायदा

पिछले चुनाव में भाजपा को सूरत मनपा की 80 सीटें मिली थीं, जो अब बढ़कर 97 हो गई हैं। करीब 26 साल बाद कांग्रेस का सूरत मनपा से नामो-निशान मिट गया है।

'गुजरात सीएम समेत सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद'

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि गुजरात की सभी छह नगर निगम में हुए स्थानीय निकाय के चुनावों में गुजरात भाजपा को अपार बहुमत मिला है। मैं इस जीत के लिए सभी मतदाताओं, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं।

प्रकाशित तारीख : 2021-02-24 08:22:00

प्रतिकृया दिनुहोस्