प्रभू राम के नाम पर भिड़े भाजपा - शिवसेना कार्यकर्ता

अयोध्या में राम मंदिर के लिए ट्रस्ट द्वारा खरीदी गयी जमीन को लेकर बुधवार को शिवसेना और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ। दादर स्थित शिवसेना भवन पर आंदोलन करने जा रहे मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं शिवसैनिक आपस में भिड़ गए, जिसके कारण भाजपा और शिवसेना के कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं।  अयोध्या स्थित राम मंदिर जमीन खरीदी मामले में शिवसेना द्वारा की गई टिप्पणी के खिलाफ बुधवार को मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना के नेतृत्व में दादर स्थित शिवसेना भवन के सामने फटकार मोर्चा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शिवसेना के खिलाफ नारेबाजी कर ही रहे थे। उसी समय शिवसैनिक वहां इकट्ठा हो गए और भाजपा युवा मोर्चा के आंदोलन का विरोध करना शुरू कर दिया। बात इतनी बढ़ गई कि देखते-देखते ही दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच मारा-मारी शुरू हो गई, जिसमें भाजपा के चार कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हो गए हैं। इसमें तीन पुरुष और एक महिला कार्यकर्ता शामिल है। मुंबई भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष तिवाना ने बताया कि शिवसेना के खिलाफ हम शांतिपूर्वक आंदोलन करने के बाद वापस घर जा रहे थे कि पुलिस की आड़ में शिवसैनिकों ने हमारे कार्यकर्ताओं पर अचानक हमला बोल दिया, जिसमें चार कार्यकर्ता घायल हो गए हैं।

शिवसेना पर निशाना साधते हुए तिवाना ने कहा कि सत्ता में बने रहने और कुर्सी बचाए रखने के लिए शिवसेना पूरी तरह सोनिया सेना बन कर कांग्रेस के इशारों पर नाच रही है। सत्ता के लोभ ने शिवसेना को इस तरह अंधा कर दिया है कि अब वो अब हिन्दू ह्रदय सम्राट दिवंगत बाला साहेब ठाकरे की विचारधारा के विरुद्ध प्रभु श्रीराम मंदिर के निर्माण में भी राजनैतिक षड्यंत्र रच रही है, जो हिंदू धर्म, हिंदुओं की आस्था और श्रद्धा स्थलों पर प्रहार है।

पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर

शेलार, लोढ़ा, दरेकर, अमरजीत सिंह सहित कई लोग माहिम पुलिस स्टेशन में डटे रहे    

 राम मंदिर निर्माण के लिए जमीन खरीदी मुद्दे पर मुंबई भाजपा युवा मोर्चा और शिवसैनिकों के बीच हुई मारपीट मामले में पांच शिवसैनिकों के खिलाफ माहिम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। शिवसैनिकों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर किए गए हमले के बाद पूर्व मंत्री आशीष शेलार ने माहिम पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिवसैनिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।

इस मामले में पुलिस ने सन्नी यशवंत साठे की शिकायत पर शिवसेना के पदाधिकारी के खिलाफ शून्य एफआईआर दर्ज कर उसे शिवाजी पार्क पुलिस को भेज दिया गया है। मामले में राजू पाटणकर, संजय देवलेकर, अभय तामोरे, चंदू झगड़े, राकेश देशमुख, शशि फड़ते और श्रद्धा जाधव के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शेलार के साथ माहिम पुलिस स्टेशन में विधान परिषद में विपक्ष नेता प्रवीण दरेकर, मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगलप्रभात लोढ़ा, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता देर तक डटे रहे। अंत: पुलिस को मामला दर्ज करना ही पड़ा।

मंदिर का निर्माण नहीं पचा पा रही शिवसेना : शेलार

पार्टी कार्यकर्ताओं पर हुए हमले पर भाजपा विधायक आशीष शेलार ने शिवसेना पर जमकर निशाना साधा। शेलार ने कहा कि पहले मंदिर फिर सरकार का नारा देने वाली शिवसेना सत्ता में आने के बाद मंदिर को भूल गई है। कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के बाद शिवसेना सोनिया सेना हो गई है। पुलिस की आड़ में शिवसैनिकों ने एक महिला पर हमला करके औरंगजेब सेना को चरितार्थ किया है। शेलार ने कहा कि भाजपा हर लड़ाई का उसी की भाषा में जवाब देने के लिए तैयार है, बशर्ते लड़ाई आमने-सामने होनी चाहिए। शेलार शिवसैनिकों के खिलाफ माहिम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करवाने पहुंचे थे,  जहां पुलिस से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद अपने विचार व्यक्त किए। शेलार ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण दिवंगत बालासाहेब ठाकरे का सपना था, लेकिन कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के बाद शिवसेना हिंदुत्व को भूल गई है। मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिसे शिवसेना पचा नहीं पा रही है, इसलिए मंदिर निर्माण का विरोध कर रही है। भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रांत पाटिल ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमले का तीव्र  निषेध किया और कहा कि इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। इस दौरान शेलार के साथ मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा, युवा नेता आदित्य सिंह, सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

प्रकाशित तारीख : 2021-06-17 08:03:00

प्रतिकृया दिनुहोस्