चंद्रकांत पाटिल ने की पंकजा मुंडे की प्रशंसा

महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने पार्टी की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे की प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह बहुत समझदार हैं। उन्होंने कहा कि बहन प्रीतम मुंडे को केंद्र में मंत्री पद नहीं मिलने से आक्रोशित उनके समर्थकों को जिस तरह से पंकजा ने समझा-बुझा कर शांत किया, वह काबिले तारीफ है। अब पार्टी में कोई नाराजगी नहीं है।

चंद्रकांत पाटिल ने कोल्हापुर में बुधवार को पत्रकारों से कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी में किसी नेता के लिए कार्यकर्ताओं की नाराजगी सजीवता की निशानी है। बीड़ की सांसद प्रीतम मुंडे को केंद्र में मंत्री पद मिलने की उम्मीद थी, लेकिन पद न मिलने से कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों का नाराज होना स्वाभाविक है। पाटिल ने कहा कि पंकजा मुंडे ने समय पर सभी कार्यकर्ताओं को मना लिया है। इससे पार्टी में अब कोई नाराजगी नहीं रह गई है।

पाटिल ने कहा कि गोपीनाथ मुंडे ने पार्टी के लिए दिन-रात एक किया है, यह दर्द पंकजा मुंडे जानती हैं। इसी वजह से वह कभी भी पार्टी से बगावत का विचार भी नहीं कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि किसी को अगर कुछ दिया जाता है, तो जिसे नहीं मिलता है, नाराज होता है। जो लोग नाराज हुए हैं, उन्हें बाद में खुश किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि सांसद प्रीतम मुंडे को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में जगह न मिलने के बाद बीड़ जिले के 105 कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा जिला भाजपा अध्यक्ष को सौंप दिया था। मंगलवार को भाजपा की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे ने मुंबई में भाजपा कार्यकर्ताओं को समझा कर उनका इस्तीफा वापस करवा दिया है। पंकजा मुंडे ने सभी नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी में ही काम करने की अपील की है।

 

प्रकाशित तारीख : 2021-07-15 08:10:00

प्रतिकृया दिनुहोस्