भाजपा का जगह-जगह रेल भरो आंदोलन

कोरोना के कारण आम जनता के लिए पिछले डेढ़ साल से मुंबई लोकल बंद है। लोकल को सामान्य जनता के लिए शुरू करने की मांग को लेकर मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा के नेतृत्व में मध्य और पश्चिम रेलवे के सभी स्टेशनों पर रेल भरो आंदोलन किया गया। आंदोलन में राज्य सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने ठाकरे सरकार का विरोध करते हुए कहा कि आम जनता को बस और हवाई जहाज में यात्रा की अनुमति तो है, लेकिन लोकल में यात्रा की अनुमति क्यों नहीं है ? चर्चगेट स्टेशन पर मंगल प्रभात लोढ़ा की मौजूदगी में विधान परिषद में विपक्ष नेता प्रवीण दरेकर ने आंदोलन का नेतृत्व किया। दरेकर और लोढ़ा को चर्चगेट से चर्नी रोड तक बिना टिकट यात्रा करने पर दरेकर को रेलवे ने  260 रुपये का जुर्माना लगाया।

प्रदर्शन में शामिल स्थानीय विधायक राहुल नार्वेकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। विधायक मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि आम आदमी के लिए मुंबई लोकल लाइफ लाइन जैसा है। इसके दरवाजे बंद होने से उन्हें काफी असुविधा हो रही है। इसका सीधा असर उनके आय तथा रोजगार पर पड़ रहा है। कोरोना की दोनों टीका ले चुके लोगों को तत्काल अनुमति दी जाये। प्रवीण दरेकर ने कहा कि उच्च न्यायालय ने आम जनता को मुंबई की लोकल में अनुमति को लेकर राज्य सरकार को फटकार लगाई है। रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे पाटिल ने कहा है कि अगर राज्य सरकार प्रस्ताव देती है, तो रेलवे तुरंत लोकल शुरू करेगी,  फिर भी सरकार लोकल शुरू क्यों नहीं करती ? 260 रुपए जुर्माने पर दरेकर ने कहा कि हमने बिना टिकट यात्रा की और कानून तोड़ा इसलिए 260 रुपये जुर्माना अदा किया। पुलिस और रेल प्रशासन अपना काम कर रहा है।

कांदिवली में विधायक अतुल भातखलकर ने रेल रोको आंदोलन किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।  इसी प्रकार अंधेरी पश्चिम में विधायक अमित साटम के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओ ने रेल भरो आंदोलन किया। इसमें रेलवे समिति के सदस्य कैलाश वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। आम  जनता को लोकल में यात्रा करने की अनुमति देने की मांग को लेकर मध्य और पश्चिम रेलवे स्टेशनों पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने जिला, विधानसभा तथा वॉर्ड स्थित रेलवे स्टेशनों पर आंदोलन किया। मुंबई मनपा चुनाव प्रभारी व विधायक अतुल भातखळकर ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ कांदिवली में, विधायक विद्या ठाकुर ने गोरेगांव में, विधायक मनीषा चौधरी ने दहिसर पूर्व में, विधायक पराग अालवणी ने विलेपार्ले, कुर्ला, घाटकोपर, भांडुप आदि स्थानों पर आंदोलन का नेतृत्व किया।

रेल भरो आंदोलन में शामिल हुए चंद्रकांत पाटिल

आम जनता को लोकल में यात्रा की अनुमति की मांग को लेकर आयोजित रेल भरो आंदोलन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने भी हिस्सा लिया। विधायक प्रसाद लाड के नेतृत्व में सायन रेलवे स्टेशन के बाहर आयोजित आंदोलन में पाटिल ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। पाटिल ने आरोप लगाया कि यह सरकार आम जनता विरोधी है। उन्होंने कहा कि मुंबई सहित पूरे राज्य में दारू की दुकान, बीयर बार सहित अन्य चीजें शुरू हैं, लेकिन लोकल शुरू करने को लेकर सरकार कोई निर्णय नहीं ले रही है। इस दौरान विधायक प्रसाद लाड सहित बड़ी संख्या में आंदोलन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया उसके बाद छोड़ दिया। इसके साथ ही मालाड में हुए आंदोलन का नगरसेवक विनोद मिश्रा ने नेतृत्व किया।  

प्रकाशित तारीख : 2021-08-07 06:53:00

प्रतिकृया दिनुहोस्