बदले की भावना से राज्य सरकार ने की राणे की गिरफ्तारी : पाटिल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि राज्य सरकार ने बदले की भावना के तहत केंद्रीय उद्योगमंत्री नारायण राणे की गिरफ्तारी की है। इस गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता जगह -जगह स्वत:स्फूर्त आंदोलन कर रहे हैं। चंद्रकांत पाटिल ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पता ही नहीं है कि कांग्रेस एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शिवसेना एवं भाजपा के बीच विवाद उत्पन्न कर रहे हैं। इसके पहले कांग्रेस एवं राकांपा ने भाजपा और शिवसेना में विवाद पैदा कर दोनों दलों के कई दशक पुराने गठबंधन को तुड़वा दिया। अब कांग्रेस और राकांपा शिवसेना में पहले से पैदा हुई दूरी को और बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

जिस तरीके से नारायण राणे पर मामूली बयानबाजी को लेकर मामला दर्ज किया गया है, इस तरह की बयानबाजी अन्य दलों की ओर से भाजपा नेताओं पर भी की गई है।  नारायण राणे को गिरफ्तार करने के बाद रत्नागिरी पुलिस संगमेश्वर पुलिस स्टेशन में ले गई थी। इसके बाद संगमेश्वर पुलिस ने नारायण राणे को महाड पुलिस को सौंप दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद जाठार ने बताया कि नारायण राणे को महाड जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा। महाड जिला न्यायालय में नारायण राणे की जमानत के लिए आवेदन किया जाएगा, जहां नारायण राणे को न्याय मिल जाएगा। उल्लेखनीय है कि नारायण राणे ने सोमवार को महाड में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के विरुद्ध विवादित बयान दिया था। इसी वजह से महाड पुलिस स्टेशन में नारायण राणे के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। इसी वजह से रत्नागिरी पुलिस ने नारायण राणे को महाड पुलिस के हवाले किया है।

प्रकाशित तारीख : 2021-08-25 07:49:00

प्रतिकृया दिनुहोस्