मणिपुर: फर्जी आधार कार्ड के साथ म्यांमार के 28 नागरिक गिरफ्तार

Photo: PTI
Photo: PTI

मणिपुर में म्यांमार की सीमा से लगे तेंगनौपल जिले में इन दिनों म्यांमार के नागरिकों द्वारा फर्जी आधार कार्ड के दम पर भारत में बसने का प्रयास किया जा रहा है। यही कारण है कि पिछले 48 घंटों में सुरक्षा बलों ने म्यांमार 28 नागरिकों को फर्जी आधार कार्ड के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इनमें चार लोगों को गुरुवार को और 24 नागारिकों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था।

बता दें कि म्यांमार में सेना और चिनलैंड रक्षा बल के बीच संघर्ष बढ़ने के बाद वहां के लोगों को अवैध रूप से भारत आना शुरू हो गया था। इनमें म्यांमार के चिन राज्य के लोग अधिक हैं। वर्तमान में सबसे अधिक लोग मिजोरम में हैं और कुछ मणिपुर में प्रवेश कर चुके हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए लोगों के पास फर्जी आधार कार्ड मिले है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।

मोहेर पुलिस ने बताया कि गुरुवार को तेंगनौपल जिले के चिकिम गांव के पास KLP चेकपॉइंट पर नकली आधार कार्ड के साथ तीन महिलाओं सहित म्यांमार के चार नागरिकों को गिरफ्तार किया था। ये सभी लोग इम्फाल जा रहे थे। इनकी पहचान न्यू टाउन मांडले निवासी बाबूराम शर्मा, देवी शर्मा, लक्ष्मी शर्मा और राधा शर्मा के रूप में हुई है। उन्होनें बताया कि पकड़े गए लोगों से गहनता से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को असम राइफल्स के जवानों और मणिपुर पुलिस ने मोरेह-इंफाल रोड पर खुदेंगथाबी आर्मी चेकपॉइंट पर तलाशी अभियान चलाया था।

उस दौरान 14 महिलाओं और तीन नाबालिगों सहित 24 म्यांमार नागरिकों को पकड़कर पूछताछ की तो उनके पास 21 नकली आधार कार्ड मिले। इस पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि सभी लोग चुराचांदपुर जा रहे थे। उनसे भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मोरेह पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 468, 471, 51(B) डीएम एक्ट और 14F एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर उनके आधार कार्ड बनाने वाले का पता लगाया जा रहा है। इसके बाद आधार कार्ड बनाने वालों को गिरफ्तार कर उससे अब तक बनाए गए फर्जी आधार कार्डों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

बता दें कि म्यांमार के लोगों के पास फर्जी आधार कार्ड मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जून में भी मणिपुर के तेंगनौपल जिले के मोरेह शहर से नौ लोगों को फर्जी आधार कार्ड के साथ गिरफ्तार किया गया था। गत एक अक्टूबर को भी इंफाल हवाई अड्डे पर एक महिला सहित म्यांमार के 14 नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। उन सभी के पास भी फर्जी आधार कार्ड मिले थे। वो सभी दिल्ली जा रहे थे।

प्रकाशित तारीख : 2021-10-10 08:35:00

प्रतिकृया दिनुहोस्