अवैध निर्माणों पर चलेगा बीएमसी का बुलडोजर

File Photo
File Photo

मुंबई महानगरपालिका चुनाव नजदीक आते ही शिवसेना का पूरा फोकस अब बीएमसी पर है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को एक बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना किसी दबाव में आए बिना अनाधिकृत निर्माण कार्य को ध्वस्त किया जाए और पूर्व और पश्चिम एक्सप्रेस-वे पर मलबा (डेब्रीज) डालने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। कोविड काल में बीएमसी के कार्यों की तारीफ करते हुए ठाकरे ने कहा कि अब सड़क, फुटपाथ, साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं पर पूरा ध्यान केंद्रित कर समय पर काम पूरा करने और मुंबई शहर को देश का आदर्श शहर बनाना है। मुख्यमंत्री बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मुंबई मनपा की बैठक में शामिल हुए। इसमें मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल, सहायत आयुक्त, उपायुक्त, प्रभाग अधिकारी, मनपा अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षक के अलावा टास्क फोर्स के सदस्य भी उपस्थित थे।    

समय पर हो गड्ढे भरने का काम  

मुख्यमंत्री ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि मुंबई में अनाधिकृत निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनाधिकृत निर्माण पर सख्ती से तत्काल कार्रवाई करने में वार्ड अधिकारी कोई भी दबाब में न आए। उन्होंने कहा कि मुंबई में सड़क मरम्मत की निविदा प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अपने शहर को सुंदर और उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाओं वाला बनाना चाहते हैं, इसलिए सुनिश्चित करें कि सड़कें, फुटपाथ, डिवाइडर, फुटपाथ, बगीचे सुंदर और साफ-सुथरे हों। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सड़कों पर गड्ढों को भरने का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

 

प्रकाशित तारीख : 2021-10-21 07:26:00

प्रतिकृया दिनुहोस्